झालावाड़, 28 फरवरी। राज्य सरकार के तत्वावधान में आयोजित मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव का राज्य स्तरीय कार्यक्रम अजमेर में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ। जिसका सीधा प्रसारण राजकीय पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम झालावाड़ में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में किया गया।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री द्वारा प्रदेश के 21 हजार 800 से अधिक युवाओं को विभिन्न सरकारी विभागों में नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। साथ ही इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने 9 से 14 साल तक की बालिकाओं के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत भी की।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। युवा अपनी ऊर्जा, ईमानदारी और नवाचार से राज्य और देश के विकास को नई गति देंगे।”
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना अंतर्गत 1000 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से लाभार्थियों के खातों में हस्तांतरित की गई। इसके अतिरिक्त पेयजल, विद्युत, सिंचाई, अक्षय ऊर्जा, सड़क, सीवरेज सहित विभिन्न आधारभूत संरचना परियोजनाओं के लिए लगभग 16 हजार 600 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के विकास कार्यों की सौगात भी राज्यवासियों को प्रदान की गई।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार युवाओं के सशक्तिकरण और सुशासन के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि रोजगार उत्सव केवल नियुक्ति पत्र वितरण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रदेश के भविष्य निर्माण का महोत्सव है। मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त कार्मिकों से ईमानदारी, संवेदनशीलता और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
झालावाड़ में आयोजित हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम
मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव के तहत जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन राजकीय पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम, झालावाड़ में किया गया। कार्यक्रम में अजमेर से आयोजित राज्य स्तरीय समारोह का सीधा प्रसारण वर्चुअल माध्यम से प्रदर्शित किया गया, जिसे उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं अभ्यर्थियों ने देखा।
जिले के 363 नवनियुक्त कार्मिकों को प्रदान किए नियुक्ति पत्र
जिला स्तरीय कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के कुल 363 नवनियुक्त कार्मिकों को अतिथियों द्वारा नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। नियुक्ति पत्र प्राप्त करते ही युवाओं के चेहरे उत्साह और गर्व से खिल उठे। नवनियुक्त कार्मिकों ने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए पूर्ण निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया।
विभागवार नियुक्तियों का विवरण
* चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग – 164
* शिक्षा विभाग – 20
* महिला एवं बाल विकास विभाग – 01
* स्वायत्त शासन विभाग – 02
* खनन विभाग – 01
* पशुपालन विभाग – 65
* राजस्व विभाग – 62
* ग्रामीण विकास विभाग – 48
जिले में 14 वर्ष की बालिकाओं को लगने वाले कैंसर रोकथाम वैक्सीन का शुभारम्भ जिले के 5 चिकित्सा संस्थानों पर किया गया। इसके उपरान्त सम्पूर्ण जिले में भी कैंसर रोकथाम की वैक्सीन सम्बन्धित उम्र की बालिकाओं को लगाई जायेगी।
जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में आरपीएससी के पूर्व अध्यक्ष श्याम सुंदर शर्मा, जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़, मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ संजय पोरवाल, एसआरजी अस्पताल के अधीक्षक डॉ अशोक शर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. साजिद खान, उपाधीक्षक डॉ. राधेश्याम मेहर, डॉ. ऋषि दीवान अतिरिक्त प्रिसींपल डॉ. अतुल, उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (प.क.) डॉ. अरिवन्द नागर, जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मुकेश नागर, महिला मोर्चा अध्यक्ष रंजीता पांडेय, दिनेश कश्यप, सियाराम अग्रवाल, प्यारेलाल, अक्षत पाटीदार, ओम जॉगिड़, राकेश गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
