नगर पालिका अकलेरा द्वारा आयोजित शहरी सेवा शिविर में गुरुवार को विधायक गोविन्द रानिपुरिया ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लाभ वितरित किए। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर विभिन्न विभागों की सेवाओं का लाभ प्राप्त किया।
शिविर के दौरान विधायक गोविन्द रानिपुरिया ने नगर पालिका क्षेत्र के 37 पात्र परिवारों को पट्टों का वितरण कर उन्हें संपत्ति का वैधानिक अधिकार प्रदान किया। साथ ही चार सरकारी भवनों को मालिकाना हक संबंधी दस्तावेज, 11 जन्म प्रमाण-पत्र तथा 2 विवाह प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत तीन लाभार्थियों को ₹15-15 हजार की प्रथम किश्त के स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।
इस अवसर पर विधायक रानिपुरिया ने लाभार्थियों से सीधा संवाद कर योजनाओं की जानकारी ली, उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य आमजन को पारदर्शी, जवाबदेह एवं सरल प्रशासन उपलब्ध कराना है तथा प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता है।
शहरी सेवा शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आमजन की समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया तथा विभिन्न योजनाओं से संबंधित जानकारी प्रदान की। विधायक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
अंत में नगर पालिका अकलेरा के अधिशाषी अधिकारी पुखराज मीना ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि शहरी सेवा शिविरों के माध्यम से सरकार की योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने तथा नागरिक समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी प्रयास किया जा रहा है।
Report-Brijmohan
