Brijmohan Sharma-8112265234
जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने ग्रामीणों की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मंगलवार को ग्राम पंचायत सरखण्डिया में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान प्राप्त परिवाद का मौके पर ही संज्ञान लिया और सीधे ग्राम देवरी देव पहुंचकर चारागाह भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटवाया। जिला कलेक्टर की इस त्वरित कार्रवाई से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली तथा प्रशासन की कार्यशैली की सराहना की।
ग्रामीण सेवा शिविर में उपस्थित ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को चारागाह भूमि पर अतिक्रमण किए जाने की शिकायत प्रस्तुत की। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिला कलेक्टर श्री राठौड़ बिना किसी विलंब के संबंधित अधिकारियों के साथ ग्राम देवरी देव पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शिकायत सही पाए जाने पर उन्होंने तत्काल अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए, जिस पर प्रशासनिक अमले ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए चारागाह भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया।
जिला कलेक्टर ने तहसीलदार को निर्देश दिए कि अतिक्रमण करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा भविष्य में सरकारी एवं चारागाह भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा नहीं होने दिया जाए।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर राठौड़ ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सरकारी, सार्वजनिक एवं चारागाह भूमि पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक हित से जुड़ी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रभावी निगरानी रखी जाए, ताकि आमजन के अधिकार सुरक्षित रह सकें।
इस दौरान जिला परिषद के सीईओ शम्भु दयाल मीणा, संबंधित तहसीलदार, विकास अधिकारी, पटवारी आदि मौजूद रहे।
