बिजली विभाग की लापरवाही का खामियाजा: जर्जर बिजली लाइन ने ली दो भैंसों की जान, दीगोद जागीर सड़क जाम कर जताया आक्रोश
बारां /छिपाबदौद /हरनावदाशाहजी क्षेत्र के रामपुरिया गांव में रविवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। सुबह करीब साढे नौ बजे करीब 11 केवी बिजली लाइन का जर्जर तार अचानक टूटकर नीचे गिर गया, जिसकी चपेट में आने से दो भैंसों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, उसी स्थान से रोजाना कई पशु निकलते हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता था। भैंस मालिक फूलचंद ने प्रशासन से तुरंत कार्रवाई और करीब 2 लाख रुपए के आर्थिक नुकसान की भरपाई की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि घटनास्थल पर 11 केवी लाइन लंबे समय से जर्जर हालत में थी। इसकी सूचना कई बार लाइनमैन को दी गई, लेकिन जिम्मेदारों की लापरवाही के चलते समय पर सुधार नहीं किया गया और आखिरकार यह हादसा हो गया।
घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने दीगोद जागीर पहुंच कर अकलेरा–हरनावदाशाहजी मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। करीब एक घंटे बाद बिजली विभाग के कनिष्ठ अभियंता मदनलाल मीणा और थानाधिकारी भंवर सिंह जाखड़ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन देकर ग्रामीणों को समझाइश की, जिसके बाद जाम खुलवाया गया।
इस मामले में कनिष्ठ अभियंता मदनलाल मीणा ने बताया कि हादसे की वजह इंसुलेटर का पंचर होना है, जिससे तार टूटकर जमीन पर गिर गया। उन्होंने कहा कि ऐसे फॉल्ट का तुरंत पता लग पाना कठिन होता है। विभाग की टीम मौके पर पहुंच चुकी है और जल्द ही जर्जर लाइनों की मरम्मत कराई जाएगी। फिलहाल ग्रामीणों में आक्रोश बना हुआ है और उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई के साथ स्थायी समाधान की मांग की है
