झालावाड़, 05 फरवरी। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, राजस्थान द्वारा खाद्य सुरक्षा से वंचित पात्र परिवारों को योजना का लाभ प्रदान करने हेतु 26 जनवरी 2025 से ऑनलाइन आवेदन पोर्टल खोला गया है। इसके अंतर्गत आज दिनांक तक कुल 37,793 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
जिला रसद अधिकारी जितेन्द्र कुमार ने बताया कि प्राप्त आवेदनों में से 26,168 आवेदनों का सक्षम स्तर से निस्तारण कर पात्र परिवारों को खाद्य सुरक्षा का लाभ प्रदान किया जा चुका है, जबकि 497 आवेदन समावेशन श्रेणी में नहीं आने के कारण अस्वीकृत किए गए हैं। इसके अतिरिक्त 1,705 आवेदन विभिन्न स्तरों पर जांच प्रक्रियाधीन हैं, जिनका शीघ्र निस्तारण किया जाएगा। वहीं 9,423 आवेदन ऐसे हैं, जिनमें आवश्यक दस्तावेजों में कमियाँ पाए जाने के कारण उन्हें आवेदकों को वापस भेजा गया है।
लंबित आवेदकों से विशेष अपील
ऐसे सभी उपभोक्ता जिन्होंने खाद्य सुरक्षा योजना हेतु आवेदन किया है, लेकिन अभी तक लाभ प्राप्त नहीं हुआ है, वे अपना राशन कार्ड लेकर नजदीकी ई-मित्र केंद्र पर संपर्क करें अथवा स्वयं के स्मार्ट फोन के माध्यम से अपने आवेदन की स्थिति जांचें। यदि आवेदन में कोई कमी दर्शाई गई है तो उसे शीघ्र पूरा कर संशोधित आवेदन पुनः सबमिट करें, ताकि समय पर खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ मिल सके।
खाद्य सुरक्षा योजना की समावेशन श्रेणियों से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए आमजन विभागीय वेबसाइट पर विजिट कर सकते हैं। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने आमजन से अपील की है कि सही व पूर्ण दस्तावेजों के साथ आवेदन कर योजना का अधिकतम लाभ उठाएं।
