बारां/हरनावदाशाहजी। कस्बे में शुक्रवार देर रात सत्यनारायण मंदिर के पास कुशवाह मोहल्ले में तीन हथियारबंद बदमाशों ने एक मकान में घुसकर परिवार को बंधक बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
फरियादी गोलू लववंशी के अनुसार बदमाश छत के रास्ते घर में घुसे और दरवाजा खोलकर साथियों को अंदर बुलाया। धारदार हथियार दिखाकर परिवार को धमकाया, मोबाइल छीना और नगदी-जेवरात के बारे में पूछताछ की। विरोध करने पर मारपीट की और बच्चों को भी जान से मारने की धमकी दी।
एक बदमाश कमरे में घुसकर अलमारी-बक्सों के ताले तोड़ता रहा, जबकि अन्य परिवार पर नजर रखे रहे। बदमाश चांदी के जेवर, सोने की नाक बाली, मंगलसूत्र और नकदी सहित ढाई लाख रुपए से अधिक का सामान लेकर फरार हो गए। पूरा घटनाक्रम करीब आधे घंटे तक चला।
सूचना पर रात में ही पुलिस मौके पर पहुंची और सर्च अभियान चलाया। शनिवार सुबह भी जांच की गई, लेकिन आरोपियों का सुराग नहीं लग पाया।
गौरतलब है कि इससे पहले नयागांव बंजारी में दीवार तोड़कर चोरी की वारदात में 800 ग्राम चांदी, ₹5000 नकद और
अन्य सामान चोरी हो चुका है। इसके अलावा कस्बे में सूने मकान के ताले तोड़ना, बाइक व मोबाइल चोरी और चेन स्नेचिंग की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं।
लगातार बढ़ती वारदातों से लोगों में भय और रोष है। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
