झालावाड़/
अकलेरा(बृजमोहन शर्मा)। शहर के एनएच-52 मार्ग पर रिलायंस पेट्रोल पंप के पास सर्विस रोड पर स्थित सरोज अग्रवाल भक्ति धाम (जिसे अकलेरा में श्री राम मंदिर के नाम से भी जाना जाता है) में गुरुवार को शीतला माता की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा एवं
भंडारे का आयोजन होगा। पांच दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव 19 अप्रैल से चल रहा है, जो 23 अप्रैल को संपन्न होगा।
महोत्सव का शुभारंभ-
मंदिर में पहले से भगवान श्री राम, सीता माता, लक्ष्मण, शंकर भगवान, माता पार्वती , राधा-कृष्ण की प्रतिमाएं स्थापित हैं। क्षेत्रवासियों की इच्छा पर सरोज अग्रवाल चैरिटेबल ट्रस्ट ने शीतला माता की मूर्ति स्थापना हेतु 19 अप्रैल को भव्य कलश यात्रा के साथ कार्यक्रम शुरू किया। म.प्र.के नलखेड़ा के बगलामुखी माता मंदिर के विद्वान पंडितों की टीम, जिसमें आचार्य बाबूलाल एवं आचार्य घनश्याम दास प्रमुख हैं, अनुष्ठान करा रही है।
प्रमुख दिवसगत कार्यक्रम-
21 अप्रैल को शीतला माता की मूर्ति का संस्कार एवं संगीतमय सुंदरकांड पाठ हुआ।
22 अप्रैल को मंदिर के ट्रस्टी स्वर्गीय त्रिलोकचंद, स्वर्गीय श्रीमती शांति देवी एवं स्वर्गीय सरोज अग्रवाल की संगमरमर प्रतिकृतियों का अनावरण किया गया; शाम 7:30 बजे खाटू श्याम बाबा भजन संध्या हुई।
23 अप्रैल को सुबह 11:30 बजे प्राण प्रतिष्ठा, उसके बाद हवन, पूर्णाहुति एवं भोजन प्रसादी होगी।
मंदिर का इतिहास
यह आयोजन मंदिर की 28वीं स्थापना वर्षगांठ पर हो रहा है। 30 अप्रैल 1998 को अक्षय तृतीया के दिन स्वर्गीय सरोज अग्रवाल की स्मृति में निर्मित इस भक्ति धाम में श्री राम दरबार, राधा-कृष्ण, शिव-पार्वती, सरस्वती माता एवं कामखेड़ा बालाजी की प्रतिमाएं प्राण प्रतिष्ठित की गई थीं। इस वर्ष शीतला माता की मूर्ति जोड़ी जा रही है।
मंदिर को रोशनी एवं रंग-बिरंगी लाइटों से भव्यतापूर्वक सजाया गया है। शहर के गणमान्य नागरिकों सहित आसपास के भक्त बड़ी संख्या में धर्म लाभ लेने पहुंच रहे हैं।
