बृजमोहन शर्मा-
झालावाड/अकलेरा, 02 जुलाई 2026।
राज्य सरकार के निर्देशानुसार संचालित शहरी सेवा शिविर-2026 के अंतर्गत आज नगरपालिका अकलेरा में शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का निरीक्षण उपनिदेशक, क्षेत्रीय स्थानीय निकाय विभाग, कोटा दिव्यांशु शर्मा द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित काउंटरों का अवलोकन कर आमजन को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
शिविर में नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया। इस दौरान 27 पट्टों का वितरण कर लाभार्थियों को स्वामित्व का अधिकार प्रदान किया गया। इसके साथ ही 5 जन्म प्रमाण पत्र एवं 2 विवाह प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। शिविर में प्राप्त अन्य आवेदनों का भी मौके पर निस्तारण करते हुए पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ दिलाया गया।
उपनिदेशक शर्मा ने कहा कि शहरी सेवा शिविर-2026 का उद्देश्य आमजन को बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत प्रदान करना तथा विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा सभी प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर नगरपालिका के अधिशाषी अधिकारी पुखराज मीना सहित
विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। शिविर में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभिन्न नागरिक सेवाओं का लाभ प्राप्त किया।
