’साप्ताहिक समीक्षा बैठक में एडीएम ने अधिकारियों को दिए उपलब्धि बनाए रखने की निर्देश, शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर दिया जोर’
झालावाड़, 12 जुलाई। आवश्यक सेवाओं की साप्ताहिक समीक्षा बैठक अतिरिक्त जिला कलक्टर अनुराग भार्गव की अध्यक्षता में रविवार को मिनी सचिवालय सभागार में आयोजित हुई। बैठक में जानकारी दी गई कि राजस्थान सम्पर्क पोर्टल पर आमजन की शिकायतों के प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तथा परिवादियों के संतुष्टि प्रतिशत में उल्लेखनीय सुधार के चलते दो माह बाद झालावाड़ जिला पुनः प्रदेश में प्रथम स्थान आ गया है।
अतिरिक्त जिला कलक्टर ने बताया कि अधिकारियों एवं विभागों के समन्वित प्रयासों से सम्पर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण और शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि सुनिश्चित करने के परिणामस्वरूप जिले ने प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस उत्कृष्ट उपलब्धि को निरंतर बनाए रखने के लिए प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित करें, ताकि आमजन का विश्वास और अधिक मजबूत हो।
बैठक में मुख्यमंत्री कार्यालय, विभिन्न आयोगों एवं विशिष्ट व्यक्तियों से प्राप्त प्रकरणों, राजकाज ई-फाइल एवं सम्पर्क पोर्टल के लंबित प्रकरणों, राज्य एवं केंद्र सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति, मुख्यमंत्री बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन, पेयजल व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, ट्रांसफार्मरों एवं विद्युत लाइनों की मरम्मत, न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद, हरित राजस्थान मिशन, आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं, मौसमी बीमारियों एवं हीटवेव से संबंधित तैयारियों सहित विभिन्न विभागीय एवं अंतरविभागीय विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई।
मानसून को देखते हुए अतिरिक्त जिला कलक्टर ने शिक्षा एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजकीय विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों का तत्काल निरीक्षण कर असुरक्षित एवं जर्जर भवनों की सूची तैयार करें तथा आवश्यक सुरक्षा एवं मरम्मत संबंधी कार्रवाई प्राथमिकता से सुनिश्चित करें, ताकि विद्यार्थियों एवं बच्चों की सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
बैठक में योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों पर भी चर्चा कर उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए। साथ ही अधिकारियों को आमजन से जुड़े कार्यों में संवेदनशीलता, जवाबदेही एवं समयबद्ध कार्यशैली अपनाने के लिए कहा गया।

’साप्ताहिक समीक्षा बैठक में एडीएम ने अधिकारियों को दिए उपलब्धि बनाए रखने की निर्देश, शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर दिया जोर’