रिपोर्ट बृजमोहन शर्मा
झालावाड़, 27 जनवरी। जिले में 77वाँ गणतंत्र दिवस हर्षाेल्लास, गरिमा एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह का आयोजन श्रीमती विजया राजे सिंधिया राजकीय खेल संकुल में किया गया, जहाँ मुख्य अतिथि जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी तथा भव्य परेड का निरीक्षण किया।
इस अवसर पर विशेष रूप से आयोजित ‘वन्दे मातरम्’ गीत का सामूहिक गायन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने एक स्वर में देशभक्ति का संदेश दिया। यह आयोजन समारोह का प्रमुख आकर्षण रहा और उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर गया।
इसके पश्चात् महामहिम राज्यपाल महोदय के संदेश का वाचन अतिरिक्त जिला कलक्टर अनुराग भार्गव द्वारा किया गया। समारोह के दौरान जिले के शहीदों के परिजनों का सम्मान कर उन्हें कृतज्ञता स्वरूप प्रशस्ति प्रदान की गई।
मुख्य अतिथि जिला कलक्टर श्री राठौड़ ने जिले में विभिन्न क्षेत्रों यथा शिक्षा, सामाजिक सेवा, प्रशासन, खेल एवं अन्य उल्लेखनीय कार्यों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के सांस्कृतिक सत्र में विभिन्न राजकीय एवं निजी शिक्षण संस्थाओं के लगभग 1200 छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति गीत पर सामूहिक ‘भारतीयम्’ व्यायाम का प्रभावशाली प्रदर्शन किया गया। इसके साथ ही राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सामूहिक नृत्य ने दर्शकों की भरपूर सराहना प्राप्त की।
समारोह में विभिन्न विभागों द्वारा ऑपरेशन सिन्दूर, रक्तदान महादान, स्वच्छता मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, सड़क सुरक्षा, बालिकाओं को फेंके नहींकृपालना गृह में सौंपें जैसे सामाजिक संदेशों पर आधारित आकर्षक झांकियों का प्रदर्शन किया गया, जिन्होंने आमजन को जागरूक करने का सशक्त प्रयास किया।
समारोह से पूर्व जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ ने शहीद निर्भय सिंह सिसोदिया एवं श्रीमती विजया राजे सिंधिया की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस गरिमामय अवसर पर पूर्व आरपीएससी चेयरमेन श्यामसुंदर शर्मा, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, जिला परिषद् के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शम्भुदयाल मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचन्द मीणा, उपखण्ड अधिकारी भवानीमण्डी श्रद्धा गोमे, उपखण्ड अधिकारी झालावाड़ अभिषेक चारण, जिलाध्यक्ष हर्षवर्द्धन शर्मा, नगर परिषद् सभापति प्रदीप सिंह राजावत सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। मंच संचालन का दायित्व पूनम रौतेला एवं नरेन्द्र दुबे द्वारा कुशलतापूर्वक निभाया गया।
मिनी सचिवालय पर भी हुआ ध्वजारोहण
77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रातः 8.30 बजे मिनी सचिवालय परिसर में जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ द्वारा ध्वजारोहण किया गया। इस अवसर पर मिनी सचिवालय के समस्त कार्यालयों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे और राष्ट्र के प्रति निष्ठा एवं सेवा भाव का संकल्प लिया गया।
