बारां जिले के
छीपाबड़ौद कस्बे की प्रतिभाशाली बेटी दीक्षा चौरसिया ने देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षाओं में से एक संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) सिविल सेवा परीक्षा 2025 में शानदार सफलता हासिल करते हुए ऑल इंडिया 44वीं रैंक प्राप्त की है। दीक्षा की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में गर्व और उत्साह का माहौल है। जैसे ही उनके चयन की खबर सामने आई, कस्बे सहित पूरे जिले में खुशी की लहर दौड़ गई और उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग गया।
दीक्षा चौरसिया मूल रूप से छीपाबड़ौद कस्बे की निवासी हैं। उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के चलते उनका परिवार वर्तमान में मध्यप्रदेश के इंदौर में निवास कर रहा है। सीमित संसाधनों के बावजूद दीक्षा ने कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास के दम पर यह बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
दीक्षा की सफलता को क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए लोगों ने कहा कि यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र और समाज के लिए प्रेरणादायक है। उनकी मेहनत और लगन से क्षेत्र के युवाओं में भी प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति नई प्रेरणा जागी है।
चौरसिया महासभा राजस्थान प्रांत के प्रदेश महामंत्री हेमंत चौरसिया ने बताया कि दीक्षा चौरसिया की इस उपलब्धि से पूरे समाज में हर्ष का माहौल है। यह सफलता समाज के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। समाज के पदाधिकारियों और समाजबंधुओं ने दीक्षा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
दीक्षा की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में गर्व का माहौल है और युवाओं में नई ऊर्जा व आत्मविश्वास का संचार हुआ है।
