Brijmohan Sharma-
झालावाड़। जिले में गरीब किसान व साधारण नागरिकों का शोषण करने वाले अवैध साहूकारों व ठेकेदारों के खिलाफ झालावाड़ पुलिस ने एक विशेष और व्यापक अभियान चलाकर शुक्रवार को बड़ी कार्यवाही की। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद तथा संबंधित वृत्ताधिकारियों की निगरानी में मनोहरथाना, जावर, पिड़ावा, सुनेल व घाटोली थाना क्षेत्रों में तलाशी व छापे की कार्यवाही की गई जिनमें बड़ी मात्रा में आभूषण, नकदी, कृषि उपकरण और संदिग्ध दस्तावेज बरामद हुए।
मनोहर थाना की टीम ने आंवलहेडा निवासी कृष्णगोपाल, राजाराम, भारत सिंह व मनोहर थाना क्षेत्र के भप्या सोनी उर्फ श्रीकिशन के ठिकानों पर छापा मारा। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में माल बरामद हुआ। इसी तरह जावर थाना ने परमानंद के स्थान से तथा पिड़ावा थाना में गोविंदपुरा निवासी ओंकार सिंह व शंकर सिंह के यहां से बड़ी मात्रा में सामान जब्त किया।
बरामदगी का ब्यौरा
कीमती धातुएँ: 321 किलो चांदी व 04 किलो सोना।
नकद: ₹37,35,300/- (सैंतीस लाख पैंतीस हजार तीन सौ)।
कृषि उपकरण: 128 थ्रेशर मशीनें व 35 कल्टीवेटर।
वाहन: 25 ट्रॉलियाँ, 03 ट्रैक्टर, 02 बोलेरो पिकअप/डीजे, 01 टाटा 4074, 01 टेवर/टवेरा, 01 टेम्पो व 03 मोटरसाइकिलें।
अवैध हथियार: 12 बोर के 06 जिंदा कारतूस (आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई)।
वित्तीय दस्तावेज: दर्जनों लेन‑देन डायरी, बही‑खाते, हस्ताक्षरित खाली व स्टाम्प्ड पेपर, ब्लैंक चेक, चेकबुक, बैंक पासबुक व गिरवी गहनों के संबंधित पर्चे।
सुनेल व घाटोली में धारा 106 बीएनएसएस के तहत जप्ती
थानाधिकारी सुनेल की टीम ने ग्राम केसरपुरा स्थित निर्माणाधीन परिसर से 02 लेन‑देन डायरी, एक हस्ताक्षरित स्टाम्प‑पेपर जिस पर ₹1.5 लाख ब्याज अंकित है, 08 बैंक पासबुक (बैंक ऑफ बड़ौदा, एसबीआई व केंद्रीय सहकारी बैंक) तथा 03 चेकबुक बरामद कीं। थानाधिकारी घाटोली की टीम ने भी मकान/दुकान की तलाशी के दौरान 04 रोकड़ बही‑खाते, 11 स्टाम्प पेपर, 05 बैंक पासबुक, एक संदिग्ध मोबाइल व सीलबंद डिब्बे में रखे गिरवी गहनों के पर्चे जप्त किए गए। इन कार्यवाहियों को धारा 106 बीएनएसएस के अंतर्गत रिकॉर्ड पर लिया गया है और आगे की अग्रिम जांच जारी है।
पुलिस का संदेश
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने कहा कि अभियान का उद्देश्य गरीब, अशिक्षित किसानों व असहाय नागरिकों की जमीन, जायदाद और आभूषणों को अवैध तरीके से हड़पने वालों पर रोक लगाना है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी किसी भी वित्तीय आवश्यकता के लिए केवल अधिकृत व वैधानिक बैंकिंग संस्थानों का ही सहारा लें तथा किसी भी अवैध साहूकार के झांसे में न आएँ। यदि कोई व्यक्ति दबाव बनाकर खाली स्टाम्प, चेक या संपत्ति हड़पने की कोशिश करे तो तुरंत थाने व जिला पुलिस को सूचित करें।
पुलिस ने कहा कि जनता के विश्वास व अपराधियों में भय के संकल्प के साथ सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु सभी विशेष, त्वरित एवं सतत कार्रवाइयाँ जारी रहेंगी।
