B.m.sharma
झालावाड़, 18 नवम्बर। मतदाता सूचियां को त्रुटि रहित व पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से भारत निर्वाचन आयोग द्वारा राजस्थान में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर 2026) अभियान चलाया जा रहा है जिसके तहत सम्पूर्ण राज्य के मतदाताओं का गणना प्रपत्र (एन्यूमरेशन फार्म) भरकर मतदाताओं का सत्यापन किया जा रहा है।
जिले के युवा मतदाताओं को एसआईआर की सम्पूर्ण जानकारी देने एवं आनलाईन गणना प्रपत्र प्रेक्षण किये जाने हेतु मंगलवार को राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय झालावाड़ में विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में उप जिला निर्वाचन अधिकारी (एडीएम) अनुराग भार्गव ने कहा कि मतदान करना प्रत्येक पात्र व्यक्ति का मौलिक अधिकार है। इसके लिए मतदाता का मतदाता सूची में नाम होना आवश्यक है। उन्हांेने विशेष गहन परीक्षण के उद्देश्य व महत्व के बारे में बताते हुए कहा कि एसआईआर को मुख्य उद्देश्य है कि कोई भी पात्र नागरिक का नाम निर्वाचक नामावली में जुड़ने से छूटे नहीं तथा कोई भी अयोग्य व्यक्ति निर्वाचक नामावली में जुड़े नहीं। उन्होंने कहा कि जो युवा 18 वर्ष या ऊपर की आयु के हैं वे स्वयं अपना व अपने परिजनों का एन्यूमनरेशन फार्म ऑनलाईन भरें। साथ ही जो 18 वर्ष से कम आयु के युवा हैं वे अपने परिजनों एवं आसपास के लोगों को गणना प्रपत्र को ऑनलाईन भरने के लिए जागरूक करें।
इस दौरान गणना प्रपत्र को ऑनलाईन भरने की सम्पूर्ण प्रक्रिया को कॉलेज के ब्राण्ड एम्बेसडर द्वारा डिजिटल बोर्ड पर प्रदर्शित किया गया। साथ ही युवा मतदाताओं से ऑनलाईन गणना प्रपत्र भी भरवाए गए। उप जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा विद्यार्थियों को मतदाता शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की प्राचार्या राजुल गोयल सहित समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
